न साेना न चांदी, घर में घुसे चोरों ने किया एक पेटी टमाटर की चोरी, व्यापारी को लगी चपत
मानिकपुर के झाेपड़ीपारा में हुई टमाटर चाेरी की वारदात, सब्जी व्यापारी ने पुलिस से की शिकायत

काेरबा। देशभर में टमाटर के कीमत ने लाेगाें की जेब ढीली कर दी है। कभी महज 10-20 रुपए किलाे में मिलने वाला टमाटर अभी बाजार में साै रुपए किलाे से ज्यादा कीमत में बिक रहा है। इसलिए ज्यादातर लाेगाें के कीचन से टमाटर दूर हाे गया है। लेकिन अमीर वर्ग और टमाटर के बगैर जिन्हें सब्जियां खाने की आदत नहीं है वे आसमान छूते कीमत में भी खरीद रहे हैं। इस कारण बाजार में टमाटर की कीमत कम नहीं हाे रही है। अब ताे यहां तक की चाेराें की पहली पसंद भी साेना-चांदी नहीं बल्कि टमाटर हाे गई है। यह हम नहीं कह रहे बल्कि शहर की मानिकपुर में हुई टमाटर चाेरी की वारदात बयां कर रही है। दरअसल मानिकपुर चाैकी क्षेत्र के झोपड़ीपारा निवासी सब्जी व्यपारी कैलाश टंडन के घर में बीती रात घुसे चाेराें ने साेना-चांदी छाेड़कर एक पेटी टमाटर की चाेरी कर ली। कैलाश ने बताया कि बुधवार काे बुधवारी बाजार में बिक्री करने के लिए उसने 5 पेटी टमाटर खरीदे थे। रात में घर पर टमाटर की पांचो पेटियां रखी थी लेकिन रात में चाेराें ने धावा बाेला। सुबह उठने पर घर से टमाटर की 1 पेटी पार हाे चुकी थी। कैलाश ने मानिकपुर चाैकी पहुंचकर टमाटर चोरी होने की शिकायत पुलिस से की है। कैलाश ने टमाटर पेटी चाेरी के पीछे किसी जानकार व्यक्ति का हाथ हाेने की आशंका जाहिर की है।