Uncategorized

दीपका क्षेत्र में सूने मकान में चोरी करने वाला गिरोह पकड़ाया, 2 बदमाश के साथ 3 अपचारी बालक भी थे शामिल, लैपटॉप, सोने-चांदी के जेवर जब्त

कोरबा। दीपका क्षेत्र में सूने मकानों में धावा बोलकर चोरी करने वाले गिरोह को पुलिस ने पकड़ा। जिसमें 2 बदमाश के साथ 3 अपचारी बालक भी शामिल थे। आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

दीपका थाना क्षेत्र में एसईसीएल कॉलोनी समेत आसपास क्षेत्र में सूने मकानों में चोरी की घटना हो रही थी। छुट्‌टी मनाने या वैवाहिक सीजन में परिवार के जाते ही एसईसीएल कॉलोनी स्थित मकान में चोरी हो जाती थी। चोरों के आतंक से लोग परेशान थे। कुछ दिन पहले आशीष जायसवाल के मकान में चोरी हुई थी। मामले की रिपोर्ट पर दीपका थाना प्रभारी निरीक्षक प्रेमचंद साहू के नेतृत्व में पुलिस टीम जांच-पड़ताल करते हुए चोरी के आरोपियों की जानकारी जुटा रही थी। मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने दीपका कॉलोनी के सूने मकानों में चोरी करने वाले गिरोह को पकड़ा। जिसमें विश्रामनगर-झाबर निवासी अरुण शर्मा पिता सत्येन्द्र शर्मा (19) व ज्योतिनगर दीपका निवासी शिवा राणा उर्फ भोका (20) समेत उनके 3 अपचारी बालक साथी शामिल थे। आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए लैपटॉप, सोने-चांदी के जेवर जब्त किया गया। आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।