कटघोरा–अंबिकापुर मार्ग पर बड़ा हादसा टला, NH-130 पर हाईवा पलटा – होटल और मकान बच गए

पोड़ी उपरोड़ा। कटघोरा–अंबिकापुर मार्ग पर स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग NH-130 में बीती रात करीब 11 बजे एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। जल्के से गिट्टी लोड कर तेज रफ्तार में जा रहा एक हाईवा गुरसिया क्षेत्र के पास अचानक अनियंत्रित हो गया और सड़क किनारे जाकर पलट गया।

हादसे के समय हालात इतने गंभीर हो गए थे कि हाईवा सीधे गोस्वामी होटल की ओर बढ़ता नजर आया, जिससे वहां मौजूद लोगों में दहशत फैल गई। सौभाग्यवश हाईवा होटल या आसपास के मकानों से टकराने से पहले ही रुक गया। इस कारण होटल और मकान को कोई नुकसान नहीं पहुंचा। होटल में मौजूद कर्मचारी और घर में रह रहे लोग बाल-बाल बच गए। यदि वाहन टकरा जाता तो बड़ा जान-माल का नुकसान हो सकता था।
दुर्घटना में हाईवा चालक को अंदरूनी चोटें आई हैं, जिन्हें उपचार के लिए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। हादसे में शामिल हाईवा का क्रमांक CG-04-LR-2487 बताया जा रहा है।

घटना के बाद कुछ समय तक मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा और बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हाईवा चालक सामने से आ रहे ट्रैक्टर और बोलेरो वाहन को बचाने का प्रयास कर रहा था, इसी दौरान संतुलन बिगड़ने से यह हादसा हुआ।
स्थानीय लोगों की मदद से स्थिति को संभाला गया और यातायात धीरे-धीरे सामान्य हुआ। गनीमत यह रही कि इस हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, जिससे लोगों ने राहत की सांस ली।

