कोसाबाड़ी के बाद अब बुधवारी बाजार क्षेत्र होगा अतिक्रमणमुक्त, पार्किंग एरिया में बन रहा वेंडिंग जोन

सड़क किनारे लगने वाले ठेले-गुमटी किए जाएंगे शिफ्ट, सौंदर्यीकरण से हट जाएगा ग्रहण
कोरबा। शहर के कोसाबाड़ी क्षेत्र में नगर निगम ने पार्किंग एरिया में वेंडिंग जोन बनाकर सड़क किनारे अतिक्रमण कर लग रहे ठेले-गुमटी को वहां शिफ्ट करा दिया। इसके बाद अब जल्द ही बुधवारी बाजार से लेकर घंटाघर चौक तक सड़क अतिक्रमणमुक्त हो जाएगा। क्योंकि उक्त क्षेत्र में सड़क किनारे लगने वाले ठेले-गुमटी को विस्थापन देकर हटाने के लिए नगर निगम द्वारा बुधवार बाजार के पास पार्किंग एरिया में वेंडिंग जोन का निर्माण कराया जा रहा है। दरअसल बुधवारी बाजार से लेकर घंटाघर चौक के आसपास तक सड़क किनारे समेत फुटपाथ पर करीब 40 ठेले-गुमटी लग रहे हैं, जिसमें मोबाइल सामग्री, कपड़ा दुकान व नाश्ता दुकान लगाने वाले व्यापारी ज्यादा है। नगर निगम द्वारा सर्वे के बाद ऐसे व्यापारियों के लिए करीब 40 दुकान का निर्माण कराया जा रहा है। निर्माण कार्य पूरा होने के बाद ठेले-गुमटी चलाने वाले व्यापारियों को वहां दुकान आवंटित करके सड़क व फुटपाथ को अतिक्रमणमुक्त कराया जाएगा।
नए साल में हो पाएगी दुकानों की शिफ्टिंग
कोसाबाड़ी में बने वेंडिंग जोन में ठेले-गुमटी संचालकों को दुकान आवंटन 2 माह पहले किया गया, जिसके बाद वहां दुकाने लगने लगी है। पार्किंग स्थल के सामने का हिस्सा खाली हो चुका है जिससे सौंदर्यीकरण नजर आने लगा है। वहीं बुधवारी बाजार के पास वेंडिंग जोन का निर्माण इस साल के अंत तक ही पूरा हो पाएगा, ऐसे में नए साल में ही बुधवारी बाजार से लेकर घंटाघर तक अतिक्रमण कर लगे ठेले-गुमटियों की वहां शिफ्टिंग हो सकेगी।
निगम की प्लानिंग से आबाद होगी पार्किंग
मुख्यमंत्री नगरोत्थान योजना के तहत शहर में सीएसईबी चौक से जैन चौक (बुधवारी) होते हुए आईटीआई चौक से कोसाबाड़ी चौक तक गौरव पथ का निर्माण 36 करोड़ 55 लाख रुपए में होगा। वहीं नगर निगम द्वारा शहर के सौंदर्यीकरण अभियान के तहत कोसाबाड़ी चौक से घंटाघर होते हुए जैन चौक तक विशेष कार्य किए जाएंगे। जिसके तहत ही बुधवारी बाजार को मॉडल मार्केट बनाने के लिए चारों ओर बाउंड्रीवॉल किया जा रहा है। जिसके बाद पार्किंग एरिया की ओर से फ्लाईओवर ब्रिज चढ़कर मार्केट में आवाजाही हो सकेगी। इस तरह से वर्षो से विरान पार्किंग एरिया आबाद होगी और वहां बनने वाले वेंडिंग जोन में शिफ्टिंग के बाद छोटे व्यापारियों का भी कारोबार बढ़ेगा।



