11वीं की छात्रा कुमारी सृष्टिकांत ने राज्य स्तरीय युवा महोत्सव में बढ़ाया कोरबा का मान
नवाचार विज्ञान मॉडल पर प्रथम स्थान, राज्यपाल ने किया सम्मानित
कोरबा।01 जनवरी 2026/शासकीय प्रयास आवासीय विद्यालय डिंगापुर की कक्षा 11वीं की छात्रा कुमारी सृष्टिकांत ने राज्य स्तरीय युवा महोत्सव में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए नवाचार विज्ञान मॉडल विधा में प्रथम स्थान प्राप्त कर जिले का मान बढ़ाया है। इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर छात्रा को महामहिम राज्यपाल रमेन डेका के करकमलों से सम्मानित किया गया।

बिलासपुर स्थित स्टेडियम में आयोजित राज्य स्तरीय युवा महोत्सव 2025 में प्रदेश भर से चयनित प्रतिभागियों ने भाग लिया। इस महोत्सव में कोरबा जिले से 18 विधाओं में चयनित विद्यार्थियों की टीम ने सहभागिता की। इनमें से नवाचार विज्ञान मॉडल, एकांकी नाटक एवं छत्तीसगढ़ी वेशभूषा विषय पर शासकीय प्रयास आवासीय विद्यालय कोरबा की 13 सदस्यीय टीम ने अपनी प्रस्तुति दी।

नवाचार विज्ञान मॉडल विधा के अंतर्गत कुमारी सृष्टिकांत द्वारा प्रस्तुत “Electrostatic Precipitator Based Air Purification Using Activated Carbon” विषय पर आधारित मॉडल को निर्णायक मंडल ने सर्वश्रेष्ठ घोषित किया। यह मॉडल वायु प्रदूषण नियंत्रण और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक प्रभावी वैज्ञानिक नवाचार माना गया।
छात्रा की इस उपलब्धि पर विद्यालय परिवार, शिक्षकों एवं शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।


