Uncategorized

प्रेरणा उत्सव के अवसर पर कोरबा प्रेस क्लब के सचिव नागेंद्र श्रीवास, पूर्व सचिव दिनेश राज समेत 36 लोगों ने किया रक्तदान

प्रेरणा उत्सव 2024: स्व. बिसाहू दास महंत स्मृति चिकित्सा महाविद्यालय संबद्ध चिकित्सालय में लगा रक्तदान शिविर

कोरबा। दैनिक भास्कर समूह के चेयरमैन स्व. रमेशचंद्र अग्रवाल जी के 80वें जन्म दिवस पर शनिवार 30 नवंबर को प्रेरणा उत्सव के रूप में मनाया गया। इस अवसर पर दैनिक भास्कर परिवार द्वारा स्व. बिसाहू दास महंत स्मृति चिकित्सा महाविद्यालय संबद्ध चिकित्सालय में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में कोरबा प्रेस क्लब के सचिव नागेन्द्र श्रीवास व पूर्व सचिव दिनेश राज समेत डिजीटल मीडियो एसोसिएशन के अध्यक्ष जितेन्द्र डडसेना, सदस्य अशोक कुमार अग्रवाल, छत्तीसगढ़ अखबार वितरक संघ के जिला सचिव जयसिंह नेताम, उप सचिव रायसिंह समेत 36 लोगों ने पहुंचकर रक्तदान किया जिससे 36 यूनिट रक्त संग्रहण हुआ। उक्त ब्लड चिकित्सालय में भर्ती गरीब मरीजों समेत डिलीवरी केस में भर्ती महिलाओं के जीवन रक्षा में काम आएगा।

प्रेरणा उत्सव के अवसर पर आयोजित उक्त रक्तदान शिविर का कोरबा लोकसभा क्षेत्र की सांसद ज्योत्सना चरणदास महंत ने चिकित्सालय पहुंचकर शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने कहा प्रेरणा उत्सव पर रक्तदान शिविर आयोजित करके पुण्य का काम किया जा रहा है जो सराहनीय है। इस अवसर पर सांसद प्रतिनिधि हरिश परसाई, एमआईसी मेंबर संतोष राठौर व किरण चौरसिया, कोरबा प्रेस क्लब अध्यक्ष राजेन्द्र जायसवाल, चिकित्सा महाविद्यालय के नवपदस्थ डीन डॉ. केके सहारे, संयुक्त संचालक सह अस्पताल अधीक्षक डॉ. गोपाल कंवर, सहायक उप संचालक डॉ. रविकांत जाटवर, ब्लड बैंक प्रभारी डॉ. हनीश चावड़ा, दैनिक भास्कर के चीफ रिपोर्ट सुखसागर मन्नेवार उपस्थित थे।

पत्रकार संगठनों ने बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा
दैनिक भास्कर परिवार के रक्तदान शिविर में कोरबा प्रेस क्लब, डिजिटल मीडिया एसोसिएशन, छत्तीसगढ़ अखबार वितरक संघ ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। कोरबा प्रेस क्लब के संरक्षक एवं दैनिक भास्कर कोरबा के पूर्व ब्यूरो प्रमुख मनोज शर्मा समेत अखबार वितरक संघ के प्रदेश अध्यक्ष विनोद सिन्हा, प्रदेश संरक्षक पदम सिंह चंदेल व जिला अध्यक्ष विपेन्द्र कुमार साहू समेत अन्य पत्रकार संगठन के पदाधिकारी उपस्थित थे।

सेवाभावी संगठन व संस्था ने निभाई सहभागिता
प्रेरणा उत्सव पर आयोजित रक्तदान शिविर में हर बार की भांति इस बार भी छत्तीसगढ़ हेल्प वेलफेयर सोसायटी के ब्लड डोनेशन विंग के प्रमुख रोहित कश्यप पहुंचे और भरपूर सहयोग किया। आईसीटीसी की काउंसर वीणा मिस्त्री ने भी शिविर में सहभागिता निभाते हुए रक्तदाताओं के साथ पहुंचे लोगों को रक्तदान के लिए प्रोत्साहित किया। इसी तरह एचडीएफसी बैंक के ऑपरेशन मैनेजर रजनीकांत साहू व जूनियर ऑफिसर जितेश पांडेय भी पहुंचे। जिन्होंने ब्लड डोनेशन अवेयरनेस के लिए सीएसआर प्रोग्राम के तहत प्रत्येक रक्तदाताओं को अपने संस्था की ओर से रिर्फेंसमेंट व गिफ्ट प्रदान किया।

उपवास का दिन…फिर भी पहुंचे रक्तदान करने
शहर के आरएसएस नगर निवासी संदीप सिंह बनाफर शिविर शुरू होते ही रक्तदान करने पहुंच गए। ब्लड बैंक के कर्मियों ने उनकी दिनचर्या की जानकारी ली तो पता चला उनका उपवास का दिन था। ऐसे में वे उन्हें मना करने लग गए। तब उन्होंने कहा कि वे पर्याप्त फल खाकर पहुंचे हैं, उनको किसी तरह की परेशानी नहीं होगी। इसके बाद उन्होंने 42वें बार रक्तदान किया। उन्होंने कहा कि उनका रक्त जरूरतमंदों की जीवन रक्षा में काम आता है इसलिए वे लगातार नियमित अंतराल के बाद रक्तदान करते हैं।

ब्लड की कमी को जाना तो करती है रक्तदान
शहर के जीएम ऑफिस एससईसीएल कॉलोनी निवासी कुमारी शबनम चौधरी (48) सिक्योरिटी ऑफिसर आरके चौधरी की पत्नी है। शनिवार को आयोजित रक्तदान शिविर में वह एकमात्र महिला डोनर थी जिन्होंने रक्तदान किया। उन्होंने बताया कि उनकी मां को किडनी का प्राब्लम था। जब उन्हें ब्लड की जरूरत हुई तो बहुत परेशान होना पड़ा। किसी तरह इंतजाम हुआ। बाद में मां का निधन हो गया। मां को जरूरत पड़ने पर ब्लड की कमी को जाना जिसके बाद से रक्तदान करने लगी। अब तक वह 7 बार रक्तदान कर चुकी है लेकिन कोरबा में डेढ़ साल से रहते हुए यह पहली बार है जब उन्होंने रक्तदान किया। उन्हें बहुत खुशी हुई।

रक्तदान के दौरान की देहदान की घोषणा
जमनीपाली निवासी पत्रकार अशोक कुमार अग्रवाल (46) प्रेरणा उत्सव के अवसर पर अपने साथियों के संग रक्तदान करने पहुंचे थे। जहां रक्तदान करने के दौरान रक्तदाताओं की कमी की तरह ही चिकित्सा महाविद्यालय में मानव देह की कमी का उन्हें पता चला। तब उन्होंने दैनिक भास्कर परिवार व मेडिकल कॉलेज प्रबंधन के साथ ही अपने साथियों के मौजूदगी में मृत्यु उपरांत देहदान की घोषणा की। उन्होंने कहा कि उनका रक्त जहां जरूरत मरीजों के काम आएगा तो उनका शरीर जिंदगी बचाने के लिए तैयार होने वाले डॉक्टरों की शिक्षा में काम आएगी।

साथी को लेकर पहुंचे थे, खुद भी किया रक्तदान
प्रेरणा उत्सव पर छत्तीसगढ़ अखबार वितरक संघ के पदाधिकारियों के साथ जिला सचिव जयसिंह नेताम अपने साथी सह सचिव राय सिंह कंवर को लेकर रक्तदान कराने पहुंचे थे। लेकिन इस दौरान शिविर में दूसरे रक्तदाताओं के उत्साह को देखते हुए उन्हें प्रेरणा मिली और वे स्वयं भी रक्तदान को तैयार हो गए। रक्तदान करने के बाद उन्होंने बताया कि उन्हें लगता था कि रक्त निकलने पर कमजोरी आ जाएगी पर ऐसा कुछ भी नहीं हुआ। अब उनका खून मरीजों के काम आएगा।