छत्तीसगढ़

हाईवे किनारे फंस गया था लोनर हाथी, अक्रोश में कर सकता था हमला, सीसीएफ और डीएफओ ने अपनी कार रोककर कराया सड़क पार

कोरबा। हाथियों के लिए कटघोरा वन मंडल अब बेहतर घरौंदा बन चुका है अक्सर हाथियों का झुंड हाईवे पार करता है। बुधवार की रात एक लोनर हाथी फिर से हाईवे पार करने की कोशिश कर रहा था लेकिन हाईवे पर इतनी तेज रफ्तार से गाड़ियां दौड़ रही थी कि वह सड़क को पार नहीं कर पा रहा था। वह इधर-उधर हो रहा था। इस बीच जब हाईवे से गुजर रहे वन अफसरों की नजर पड़ी तो उन्होंने हाईवे की रफ्तार रोकी और गजराज को सड़क पार कराया। इसके बाद  सड़क पर यातायात को बहाल किया गया।

उल्लेखनीय है कि कटघोरा वन मंडल के विभिन्न वन परिक्षेत्र में 50 से अधिक हाथियों का बसेरा है जिसमें से केंदई परिक्षेत्र में हाथी लगातार विचरण कर रहे हैं। हाथियों का झुंड अक्सर केंदई परिक्षेत्र के अंतर्गत आने वाले कापा नवापारा के समीप हाईवे को पार करते हैं जिसकी वजह से अक्सर हाईवे पर रफ्तार थम जाती है।

बुधवार की देर शाम लगभग 7:30 बजे  नजारा फिर से कुछ ऐसे ही देखने को मिला। बताया जाता है कि एक लोनर हाथी कापा नवापारा के पास सड़क पार करने की कोशिश कर रहा था लेकिन सड़क पर यातायात का दबाव इतना था कि लगातार वाहनों की रफ्तार इतनी तेज थी कि वह हाथी सड़क पर नहीं कर पा रहा था और यहां वहां उछल कूद मचा रहा था। सड़क किनारे आकर वह बार-बार अपने कदम पीछे खींच ले रहा था।

इसी बीच देर शाम को बिलासपुर सीसीएफ राजेश चंदेल व कटघोरा डीएफओ कुमार निशांत टिहरीसराई से वापस लौट रहे थे जहां उनकी नजर इस उक्त लोनर हाथी पर पड़ी तो उन्होंने अपनी गाड़ी को रोका।  फिर हाथी की हरकत देख उन्हें तत्काल समझ में आ गया कि वह सड़क पार करना चाहता है जिसके उपरांत अधिकारियों ने ही बीड़ा अपने हाथों में उठा लिया। हाईवे पर दोनों तरफ अधिकारी जा पहुंचे और हाईवे की रफ्तार रोकी गई जिसके उपरांत हाथी सड़क पार कर जंगल की ओर चला गया। लगभग 20 से 25 मिनट इसकी वजह से हाईवे की रफ्तार रुकी रही।  हाथी को हाईवे सुरक्षित पार कराकर वन विभाग के अधिकारी वापस लौटे।

देखे इस तरह कराया गया हाईवे पार…