Uncategorized

कटघोरा-अंबिकापुर मार्ग पर हादसा, ट्रक से टक्कर के बाद कार में लगी आग से जलकर अंबिकापुर के दो युवकों की मौत 

पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी की मौजूदगी में चला रेस्क्यू ऑपरेशन, भारी मशकत कर बाहर निकाली जा सकी लाश

कोरबा। अंबिकापुर-बिलासपुर हाइवे पर कोरबा जिले के लमना के पास कार और ट्रक में भिड़ंत हो गई थी। हादसे के बाद बेकाबू ट्रक कार के ऊपर पलट गई। जिससे दोनों वाहनों में आग लग गई। कार सवार पेट्रोल पंप संचालक समेत 2 लोग जिंदा जल गए।

जानकारी के मुताबिक, हादसा शनिवार दोपहर करीब 3 से 3.15 बजे के बीच हुआ। अंबिकापुर निवासी शिवम सिंह (25) और पेट्रोल पंप के संचालक विकास भगत (26) कोरबा से लौट रहे थे। इसी दौरान उनकी कार क्रमांक सीजी 15 डीयू 2747 लमना के पास ट्रेलर को ओवरटेक कर आगे बढ़ी, तो सामने से आ रहे ट्रक से टकरा गई।

जिंदा जल गए कार सवार दो युवक

हादसे के बाद कार सड़क के नीचे उतर गई, लेकिन कार के ऊपर ही ट्रक भी पलट गया। हादसे में वाहन का फ्यूल टैंक फट गया। जिससे दोनों वाहनों में आग लग गई। ट्रक के नीचे दबे कार सवार युवक शिवम सिंह और विकास भगत जिंदा जल गए। पुलिस, डायल-112 की टीम और आसपास के लोगों ने बाल्टी से पानी डालकर आग पर काबू पाने की कोशिश की, लेकिन आग भड़क गई। फायर ब्रिगेड की टीम को भी मौके पर बुलाया गया। 4 घंटे तक रेस्क्यू ऑपरेशन चला। इस दौरान पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी भी घटनास्थल पर मौजूद रहे।

कोरबा के ऑयल डिपो आ रहे थे युवक 

हादसे में मारे गए शिवम सिंह और विकास भगत दोनों में दोस्त थे। विकास भगत का चठिरमा में इंडियन ऑयल का पेट्रोल पंप है। विकास भगत को कोरबा इंडियन ऑयल के डिपो में काम था। जिस कारण दोनों शिवम सिंह की हुंडई कार से कोरबा आ रहे थे।

एक महीने पहले हुई थी शिवम के पिता की मौत

शिवम सिंह कांग्रेस के प्रतिष्ठित नेता गणेश सिंह के भतीजे थे। शिवम सिंह के पिता ईश्वर सिंह की करीब एक महीने पहले ही मौत हुई थी। वे एकलौते बेटे थे। हादसे की खबर से पूरा परिवार सदमे में है। अंबिकापुर से उनके परिजन और दोस्त भी घटनास्थल पहुंच गए हैं।