कोरबा में वन विभाग की बड़ी कार्रवाई: 3 लाख की साल लकड़ी और 20 लाख का ट्रक जब्त, चालक फरार

कोरबा। जिले में अवैध लकड़ी परिवहन के खिलाफ वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए लगभग 3 लाख रुपये मूल्य की साल प्रजाति की लकड़ी और करीब 20 लाख रुपये का ट्रक जब्त किया है। कार्रवाई के दौरान वाहन चालक मौके से फरार हो गया।

जानकारी के अनुसार कटघोरा वनमंडल के अंतर्गत पसान वनपरिक्षेत्र में वन विभाग को मुखबिर से सूचना मिली थी कि राजस्व क्षेत्र से काटी गई साल लकड़ी का अवैध परिवहन ट्रक के माध्यम से किया जा रहा है। सूचना मिलते ही वनमंडलाधिकारी के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई।
उप वनमंडलाधिकारी के मार्गदर्शन में वन परिक्षेत्र अधिकारी पसान, वनपाल ईश्वरदास मानिकपुरी, वनपाल कौशल प्रसाद द्विवेदी एवं सुरक्षा श्रमिक भीमसेन सहित वन अमले ने घेराबंदी की। रात्रि लगभग 1:40 बजे कक्ष क्रमांक ओ.ए. 650 क्षेत्र में संदिग्ध वाहन का पीछा किया गया।
रामपुर से धवलपुर मार्ग पर कुछ दूरी तय करने के बाद चालक ट्रक को लावारिस छोड़कर फरार हो गया। तलाशी लेने पर ट्रक से साल प्रजाति के कुल 15 लट्ठे बरामद हुए, जिनकी अनुमानित मात्रा लगभग 6.50 घन मीटर है। जब्त लकड़ी की कीमत करीब 3 लाख रुपये आंकी गई है, जबकि ट्रक की कीमत लगभग 20 लाख रुपये बताई गई है।
वन विभाग ने भारतीय वन अधिनियम 1927 की धारा 52, 55, 42(आई)(ई) तथा छत्तीसगढ़ अभिवहन (वनोपज) नियम की धारा 3 एवं 16 के तहत वन अपराध प्रकरण दर्ज कर वाहन को परिक्षेत्र कार्यालय लाया है।
कटघोरा डीएफओ निशांत कुमार ने बताया कि जब्त वाहन के संबंध में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है तथा फरार चालक की तलाश जारी है। वन विभाग ने अवैध लकड़ी कटाई और परिवहन के विरुद्ध सख्त अभियान जारी रखने की बात कही है।

