कोरबा

नामांकन रैली के दौरान भाजपा का शक्ति प्रदर्शन, गाजे बाजे के बीच नजर आयी लोगों की भीड़, जिले के चारों विधानसभा के प्रत्याशियों ने दाखिल किया नामांकन 

कोरबा। विधानसभा चुनाव के मतदान तिथि को अब गिनकर तीन सप्ताह का समय शेष रह गया है, इसके साथ ही अब चुनावी माहौल का गर्म होने लगा है। जो शहर में कांग्रेस एवं भाजपा के नामांकन रैली के दौरान नजर आया। गुरुवार को जहां कांग्रेस के चारों प्रत्याशियों के नामांकन रैली के दौरान लोगों की भीड़ उमड़ी थी तो आज शुक्रवार को ठीक उसी स्थल पर आमसभा के बाद कोसाबाड़ी तक भाजपा ने नामांकन रैली निकाली जिसमें वैसी ही भीड़ उमड़ी थी। करमा दलों की थाप पर और गाजे बाजे के बीच लोगों की भीड़ रैली के रूप में चल रही थी। कार्यकर्ता पूरे जोश और उमंग में नारा लगाते हुए हाथों में भाजपा का झंडा हिलाते हुए चल रहे थे। उनके बीच जिले के चारों विधानसभा के प्रत्याशी क्रमश: लखनलाल देवांगन, ननकीराम कंवर, प्रेमचंद पटेल व रामदयाल उईके भाजपा के वरिष्ठ नेताओं व अन्य पदाधिकारियों के साथ चुनावी रथ  (वाहन) में सवार होकर नामांकन के लिए रवाना हुए। रैली के साथ निर्धारित स्थल तक पहुंचने के बाद प्रत्याशी आगे कलेक्ट्रेट में अपने-अपने निर्धारित कक्ष में जाकर विधिवत नामांकन दाखिल किया। दोनों पार्टी के नामांकन रैली पर नजर डाले तो एक तरह से शक्ति प्रदर्शन था। बहरहाल भाजपा ने पूरे दम-खम के साथ प्रत्याशियों का नामांकन दाखिल करा दिया है। जिस तरह से लोगों में पार्टी के प्रत्याशी उत्साह दिखा, संभावना है कि आने वाला कल पार्टी के लिए काफी बेहतर होगा क्योंकि कार्यकर्ताओं के उत्साह को देखकर पार्टी के नेता काफी गदगद है। इस दौरान मुख्य रूप से भाजपा के संभागीय प्रभारी अनुराग सिंहदेव, कोरबा के सह प्रभारी गोपाल साहू, पार्टी जिलाध्यक्ष डॉ. राजीव सिंह, वरिष्ठ नेता जोगेश लांबा, अशोक चावलानी, देवेन्द्र पाण्डेय, नवीन पटेल, आरपीएस त्यागी, रितु चौरसिया, हितानंद अग्रवाल सहित महिला मोर्चा के सभी वरिष्ठ पदाधिकारी व पांचों मंडल के अध्यक्ष, महामंत्री व कार्यकर्तागण उपस्थित थे।

कांग्रेस की सरकार को बदलने कार्यकर्ता रहे तैयार: ननकीराम कंवर

नामांकन रैली से पहले घंटाघर में सभा को संबोधित करते हुए रामपुर विधानसभा क्षेत्र के प्रत्याशी ननकीराम कंवर ने कहा कि कांग्रेस की सरकार भ्रष्टाचार में डूबी हुई है जिसे बदलने के लिए कार्यकर्ता तैयार रहे। 5 वर्ष से विकास कार्य रूका हुआ है जिसे आगे बढ़ाना है। इस सरकार के मंत्री सहित अधिकारी बड़े-बड़े घोटालों में शामिल रहे जिसकी वजह से अनेक अधिकारियों को जेल जाना पड़ा।

नगर निगम क्षेत्र में विकास कार्य ठप, बदलाव होगा: लखन देवांगन

कोरबा विधानसभा क्षेत्र के प्रत्याशी लखनलाल देवांगन ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस ने जिस प्रत्याशी को मैदान में उतारा है उसने मंत्री बनते ही करोड़ों रुपए का आय अर्जित कर लिया है यह सब कैसे हुआ, यह सब जानते हैं। इसी तरह नगर निगम में पिछले 10 वर्षों से विकास कार्य ठप है। नई परियोजनाओं पर कार्य नहीं किया गया है। जबकि वे जब नगर निगम के महापौर थे तब उन्होंने श्रमिक बस्तियों सहित पूरे शहर में विकास कार्यों का जाल बिछाया था। इसलिए इस बार बदलाव होगा।

कांग्रेस सरकार के कामकाज से सभी वर्ग दुखी: रामदयाल उइके

पाली-तानाखार विधानसभा क्षेत्र के प्रत्याशी रामदयाल उईके ने कहा कि कांग्रेस की इस सरकार को उखाड़ फेंकने के लिए कार्यकर्ता तैयार रहे। कांग्रेस के खिलाफ जमकर माहौल है। सभी वर्ग के लोग इनके कामकाज से दुखी है। ऐसे में संभावना है कि सभी चार सीटों पर भाजपा प्रत्याशियों की जीत होगी।

विकास कार्य नहीं हुआ, भाजपा को मिलेगा फायदा: प्रेमचंद पटेल

कटघोरा विधानसभा क्षेत्र के प्रत्याशी प्रेमचंद पटेल ने कहा कि वे इन दिनों गांव-गांव में घूम रहे है लेकिन कहीं पर भी विकास कार्य नहीं दिख रहा है। यहां के विधायक ने ऐसा कोई कार्य नहीं किया है जिसे लेकर वे जनता के समक्ष जा सके। इसका पूरा फायदा भाजपा को मिलेगा। इसलिए सभी कार्यकर्ता गांव-गांव भ्रमण कर चुनाव प्रचार करें।

प्रदेश में इस बार भाजपा की सरकार बनेगी : अर्जुन मुण्डा

नामांकन रैली के लिए पहुंचे केन्द्रीय मंत्री अर्जुन मुण्डा ने पत्रकारों से चर्चा करते हुए कहा कि राज्य में जो माहौल दिख रहा है उससे प्रतीत हो रहा है कि यहां पर भाजपा की सरकार बनेगी। कांग्रेस में सर्वत्र भ्रष्टाचार का बोलबाला है। यहां की जनता भाजपा के पूर्व के 15 वर्ष के कामकाज को याद कर रही है और 5 साल के कांग्रेस के कार्यकाल से ऊब चुकी है, ऐसे में यह बदलाव का संकेत है। बताया गया है कि श्री मुण्डा नामांकन रैली में शामिल होने वाले थे लेकिन चिरमिरी में आयोजित कार्यक्रम में देरी होने की वजह से वे समय पर नहीं पहुंच सके।