नया ट्रांसपोर्टनगर का जिन्न फिर आया बाहर, कोरबा विधानसभा के भाजपा प्रत्याशी लखनलाल देवांगन ने कहा: विधायक जयसिंह अग्रवाल नया ट्रांसपोर्ट नगर का वादा पूरा नहीं कर पाए
शहर के परिवहन नगर में आज किया गया जनसंपर्क, शहर के बड़े नेता भी दिखे साथ

कोरबा। कोरबा विधानसभा क्षेत्र के भाजपा प्रत्याशी एवं पूर्व महापौर लखन लाल देवांगन ने आज शहर के परिवहन नगर में जनसंपर्क किया। इस दौरान उनके साथ पूर्व महापौर जोगेश लांबा, पूर्व भाजपा जिला अध्यक्ष अशोक चावलानी, जिला कोषाध्यक्ष गोपाल मोदी भी साथ थे। परिवहन नगर में जनसंपर्क यात्रा पहुंचने पर आमजनता ने जमकर स्वागत किया। आमजन ने सड़कों में भारी वाहनों के कारण लगने वाले जाम के अलावा धूल तथा प्रदूषण की समस्या से अवगत भी कराया। इस दौरान भाजपा प्रत्याशी लखन लाल देवांगन ने लोगों से कहा कि शहर के परिवहन नगर को भारी वाहनों से राहत दिलाने के लिए कोरबा में नया ट्रांसपोर्ट नगर बसाने का वादा करने वाले कांग्रेस के विधायक ने अभी तक अपना वादा पूरा नहीं किया। चुनाव नजदीक होने की वजह से आनन फानन में नया ट्रांसपोर्ट नगर का भूमिपूजन तो कर दिया गया पर वह जमीन विवादों से घिरी हुई है। कांग्रेस सरकार का 5 साल बीत गया पर कोरबा की जनता को नया ट्रांसपोर्ट नगर नहीं मिल पाई।
भाजपा प्रत्याशी लखन देवांगन ने आमजनता से कहा कि चुनाव में भाजपा को भरपूर जन समर्थन कर एक बार सेवा का अवसर प्रदान करें। निश्चित तौर पर नया ट्रांसपोर्ट नगर बनाएंगे और कोरबा को विकास की मुख्य धारा में जोड़कर आधुनिकता से परिपूर्ण विकसित कोरबा बनाएंगे। इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष अजय विश्वकर्मा, रितु चौरसिया, झखेंद देवांगन, अश्वनी चौबे चंद्रकांत साहू, मनोज अग्रवाल, अमरनाथ पटेल, चंदन सिंह, लक्ष्मण श्रीवास, रितेश कुमार साहू, निलेश दास, कमलजीत सिंह, तुलसी ठाकुर नारायण ठाकुर नरेंद्र पाटन वार अमजद अली, आजम खान समेत बड़ी संख्या में भाजपा के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता समेत स्थानीय लोग उपस्थित थे।