Uncategorized

सरकारी स्कूल के मीड-डे मील में करील की सब्जी, खाते ही 14 बच्चे फूड प्वाइजनिंग के हुए शिकार, 8 जिला अस्पताल में भर्ती

करतला विकासखंड के बीरतराई स्कूल का मामला, कलेक्टर संजीव झा ने बेहतर इलाज के दिए निर्देश, जिला शिक्षा अधिकारी ने अस्पताल पहुंचकर जाना विद्यार्थियों का हालचाल, सभी सामान्य, सुबह होंगे डिस्चार्ज

कोरबा। करतला ब्लॉक के अंतर्गत ग्राम बीरतराई में मध्यान्ह भोजन खाकर बच्चे फूड प्वाइजनिंग का शिकार हाे गए। उल्टी करने की शिकायत पर 14 बच्चाें काे स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। स्वास्थ्य जाँच और एहतियात के तौर पर वहां से 8 बच्चाें काे 112 एम्बुलेंस के माध्यम से जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां उनकी हालत सुधर गई। हालांकि निगरानी के तौर पर आज भर्ती रखा गया है और रात हो जाने की वजह से अगले दिन सुबह डिस्चार्ज भी कर दिया जाएगा।

कलेक्टर संजीव कुमार झा ने इस संबंध में जिला शिक्षा अधिकारी सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिया है। इसके साथ ही वे स्वयं भी इस मामले पर पल-पल की जानकारी ले रहे हैं। कलेक्टर के निर्देश पर जिला शिक्षा अधिकारी जी. पी. भारद्वाज और करतला विकासखंड शिक्षा अधिकारी संदीप पांडेय ने जिला अस्पताल पहुँचकर अस्पताल में भर्ती बच्चाें और उनके परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने बच्चों के स्वास्थ्य के संबंध में चिकित्सकों से जानकारी लेकर बेहतर उपचार हेतु आग्रह किया। जिला शिक्षा अधिकारी जी. पी. भारद्वाज ने बताया कि मिड डे मील में विद्यालय के 47 बच्चों ने सब्जी खाई थी, इस दौरान 8 विद्यार्थियों ने पेट और सिर में हल्का दर्द और उल्टी आने की शिकायत की। स्कूल प्रशासन द्वारा तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र कोथारी में आवश्यक उपचार प्रदान करने बच्चों को लाया गया। जहां से 8 विद्यार्थियों को जिला अस्पताल में भेजा गया। जहां भर्ती कर चिकित्सकों के देखरेख में स्वास्थ्य लाभ प्रदान किया जा रहा है। कलेक्टर ने मामले काे गंभीरता से लेते हुए विकाखंड शिक्षा अधिकारी संदीप पांडेय काे जांच कर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए हैं।